Thursday, 4 August 2022

हर घर तिरंगा कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए युवा वर्ग की रहेगी अहम भूमिका : अदिति

समय की ताकत/संजीव बंसल कुरुक्षेत्र, उपमंडल अधिकारी नागरिक अदिति ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मनाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान को ऐतिहासिक बनाने में युवा वर्ग की सबसे अहम भूमिका रहेगी। इसलिए युवा वर्ग को समाज के प्रत्येक व्यक्ति को घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करना होगा। इस कार्यक्रम को आमजन का कार्यक्रम बनाना होगा। एसडीएम अदिति वीरवार को देर सायं द्रोणाचार्य स्टेडियम में जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की तरफ से हर घर तिरंगा अभियान को लेकर आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थी। इससे पहले एसडीएम अदिति, डीएसओ रामनिवास, प्रशिक्षक शमशेर सिंह, मनोज कुमार, जितेंद्र सिंह, पंकज पराशर सहित अन्य प्रशिक्षकों ने जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की तरफ से निकाली गई तिरंगा यात्रा को हरी झंडी देकर रवाना किया। यह तिरंगा यात्रा सेक्टर 10 और 13 से होती हुई द्रोणाचार्य स्टेडियम पर संपन्न हुई। इस दौरान एसडीएम अदिति ने खिलाडिय़ों को करीब 100 झंडे भी वितरित किए। एसडीएम ने कहा कि उपायुक्त मुकुल कुमार के मार्गदर्शन में पूरे कुरुक्षेत्र में 2 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों की कड़ी में ही युवा खिलाडिय़ों की तिरंगा यात्रा निकाली गई है। इन युवा खिलाडिय़ों में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जोश और उत्साह देखने को मिला है। डीएसओ रामनिवास ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल विभाग की तरफ से तिरंगा यात्रा निकाली गई और इस तिरंगा यात्रा में 200 से ज्यादा खिलाडिय़ों ने भाग लिया।

0 Comments:

Post a Comment