Friday, 5 August 2022

थानेसर हल्का के हर घर पर नजर आएगा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा : सुधा

समय की ताकत/ संजीव बंसल कुरुक्षेत्र, विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मनाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान में थानेसर हल्का के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक घर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा नजर आएगा। इस हल्के में प्रत्येक घर तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा और इसकी शुरुआत शहर के सेक्टरों से कर दी गई है। इस हल्के में भाजपा कार्यकर्ता भी बूथ स्तर पर लोगों तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाने का काम करेंगे। विधायक सुभाष सुधा ने शहर वासियों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा सौंपते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को 13 से 15 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वज अपने घरों पर लगाना चाहिए। देश की आजादी के 75वें वर्ष के रूप में देशवासियों को देश के स्वतंत्रता संग्राम और गौरवमयी इतिहास से रूबरू करवाने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य जन-जन में देशभक्ति की भावना को प्रबल करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में थानेसर हल्का में हर घर तिरंगा कार्यक्रम का संदेश पहुंचाने का काम किया जा रहा है। हर घर तिरंगा अभियान किसी सरकार, राजनीतिक दल, प्रशासन या व्यक्ति का अभियान नहीं है, अपितु यह एक राष्ट्र का कार्यक्रम है। प्रत्येक नागरिक को भारतवासी होने का गर्व है और देश की शान को बढ़ाने के लिए इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए।

0 Comments:

Post a Comment