Thursday, 4 August 2022

बच्चे-बच्चे की जुबान से गूंजे भारत मां की जय के उद्घोष

समय की ताकत/संजीव बंसल कुरुक्षेत्र/शाहबाद,कुरुक्षेत्र का प्रत्येक गांव, गली-मोहल्ला हर घर तिरंगा अभियान के रंग में रंगा नजर आ रहा है। इस हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर हर वर्ग के व्यक्ति में जोश और उमंग को सहजता से देखा जा सकता है। इस राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को अपने-अपने घरों पर लगाने का जुनून आज कुरुक्षेत्र के हर व्यक्ति में नजर आ रहा है। अहम पहलू यह है कि उपायुक्त मुकुल कुमार के मार्गदर्शन में हर घर तिरंगा कार्यक्रम की गूंज हर घर तक पहुंच चुकी है और लोग अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने को बेताब नजर आ रहे है। इसी जोश और जुनून को गांव चनारथल में भी देखने को मिला। इस गांव में लोगों के जेहन में तिरंगा लगाने का जज्बा फौजी कमांडो एवं युवा समिति चनारथल के प्रधान सुखविंद्र सिंह व उनकी टीम ने जगाया। खास बात यह है कि प्रशासन द्वारा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार हर गांव में ग्राम सभाओं में हर घर तिरंगा अभियान की चर्चा की गई और अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने का संकल्प किया गया तथा हर गांव में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। उपायुक्त मुकुल कुमार के आदेशानुसार कुरुक्षेत्र में प्रशासन द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान को लेकर गांव और शहर का प्रत्येक व्यक्ति तिरंगे के रंग में रंगा नजर आने लगा है। इस अभियान को लेकर आजादी के अमृत महोत्सव का एक माहौल तैयार हुआ है। इस माहौल को और जोशिला बनाने का काम युवा वर्ग और स्कूली विद्यार्थियों द्वारा किया जाने लगा है। हर घर तिरंगा कार्यक्रम से प्रेरित होकर शाहबाद हल्के के गांव चनारथल में प्रधान एवं फौजी कमांडो सुखविंद्र सिंह और उनकी टीम की अगुवाई में स्कूल के प्रांगण में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बच्चों, स्टाफ और ग्रामीणों को युवा समिति की तरफ से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा वितरित किया गया। यहां पर युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और देश को आजाद करवाने वाले वीर सैनिकों के बलिदान पर भी प्रकाश डाला गया। इस कार्यक्रम के उपरांत कमांडो सुखविंद्र सिंह के नेतृत्व में गांव में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस तिरंगा यात्रा के दौरान प्रत्येक ग्रामीण को 13 से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई और तिरंगे भी वितरित किए गए। इस तिरंगा यात्रा में नरेश नंबरदार, रामप्रीत सैनी, राजेश सैनी, चुन्नी लाल, मुकेश, कपिल, गुलशन, विक्की, फूलचंद सैनी, राजदुलारी, सुशीला, महिंद्रों के साथ-साथ स्कूली विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ भारत मां की जय के उद्घोष लगाए। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत ट्रॉपिकल फ्रूट सेंटर लाडवा, यूएचबीवीएन बाबैन, पुलिस स्टेशन लाडवा, पिहोवा के गांव गुमथला, मुर्तजापुर, हमीरा फार्म, गढ़ रोड़ान, इसाक, गढ़ी सिंगा, अरुणाय, गांव बन, गांव बाबैन में पूर्व सरपंच मोती सैनी सहित ग्राम पंचायत के अन्य सदस्यों, जुरासी कलां, ककराला गुजरान, दयाल नगर, लंडी सहित अन्य गांवों और शहरों में शिक्षा विभाग की तरफ से तिरंगा यात्राएं निकाली गई और ग्राम सभाओं में तिरंगा यात्रा निकालने के साथ-साथ हर घर तिरंगा कार्यक्रम को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की रूपरेखा को तैयार किया गया। इन सभी तिरंगा यात्राओं ने लोगों के जेहन में जोश और उमंग पैदा करने का काम किया। इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने का संदेश दिया गया। उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा एक शेड्यूल तैयार किया गया है। इस शेड्यूल के अनुसार 15 अगस्त तक शिक्षा विभाग की तरफ से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा और वन विभाग द्वारा हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर पौधारोपण भी किया जाएगा। इतना ही नहीं उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की तरफ से सभी निजी और सरकारी उद्योगों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का काम सुनिश्चित किया जाएगा।

0 Comments:

Post a Comment